नईदिल्ली,12 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में 14वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने आयरलैंड क्रिकेट टीम को 67 रन से करारी शिकस्त दी। आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मुकाबले में जीत के लिए मिले 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरिश टीम 115 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की जोरदार जीत में एडम जैम्पा और नाथन एलिस की अहम भूमिका रही। इन दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 4-4 विकेट लिए।
जैम्पा ने लोरकन टकर (24) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने अनुभव का भरपूर फायदा उठाते हुए आयरिश बल्लेबाजों से कठिन सवाल पूछे। इस दिग्गज लेग स्पिनर ने आयरलैंड के बल्लेबाजी क्रम से गैरेथ डेलानी (11), जॉर्ज डॉकरेल (41) और मार्क अडायर (12) को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया। उन्होंने 4 ओवर के कोटे में 5.80 की इकॉनमी रेट के साथ 23 रन दिए।
जैम्पा ने टी-20 विश्व कप में 22 मैचों में 12.90 की औसत से 40 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 19 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में विकेटों के मामले में श्रीलंका के वनिंदु हसरंगा और अफगानिस्तान के राशिद खान की बराबरी की है। बता दें कि बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (50) टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
एलिस ने अपने 3.5 ओवर में 12 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की। उन्होंने रॉस अडायर (12), कर्टिस कैम्फर (4), बैरी मैकार्थी (2) और बेंजामिन कैलिट्ज (2) के विकेट लिए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बन गया। उन्होंने नई गेंद के साथ-साथ पुरानी गेंद से डेथ ओवर्स के दौरान भी उम्दा गेंदबाजी की। उन्हें इस मुकाबले के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जैम्पा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 112 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 20.56 की औसत और 7.35 की इकॉनमी रेट के साथ 143 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया है। वहीं, एलिस ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 33 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 16.62 की औसत के साथ 54 सफलताएं अपने नाम किए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

