ढाका ,12 फरवरी । बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से एक दिन पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय में दहशत का माहौल है। 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला स्थित एक चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार का शव बरामद हुआ। डेली स्टार के अनुसार, पुलिस ने बताया कि रतन के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। इस घटना ने चुनावी हिंसा और अल्पसंख्यकों पर संभावित हमलों को लेकर आशंकाएं और बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे चंपारा चाय बागान में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव खून से लथपथ था और शरीर पर कई स्थानों पर गहरे जख्म थे। कमलगंज थाना प्रभारी अब्दुल अवाल ने मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में की, जो उसी बागान में काम करता था और इस्लामपुर यूनियन क्षेत्र का निवासी था।
परिजनों के मुताबिक, रतन को पिछली रात से तलाशा जा रहा था। उसके बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया, हम रात भर उसे खोजते रहे। सुबह सूचना मिली कि बागान में एक शव पड़ा है। वहां पहुंचकर हमने उसकी पहचान की। हमें समझ नहीं आ रहा कि उसकी हत्या क्यों की गई।
परिवार गहरे सदमे में है और हत्या के पीछे की वजह को लेकर अनजान है। बागान के एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि स्थानीय लोगों को आशंका है कि रतन की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को बागान में फेंक दिया गया। कुछ लोग इस घटना को चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि अब तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
00


















