बिलासपुर, 12 फरवरी (आरएनएस)। बिलासपुर पुलिस के तहत थाना तोरवा और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है।
रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध पकड़ा गया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को रेलवे स्टेशन से लगे बुधवारी बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति भारी बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पूछताछ के दौरान उसके जवाब संदिग्ध लगे और वह मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
बैग की तलाशी लेने पर खाकी टेप से लिपटे दो अलग-अलग पैकेट मिले, जिनसे गांजा की गंध आ रही थी। जांच में कुल 10 किलो गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से लाकर सप्लाई की तैयारी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चौरसिया (28 वर्ष), निवासी मझबलिया, जिला बेतिया (बिहार) बताया। उसने खुलासा किया कि वह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लाकर अन्य राज्यों में सप्लाई करने की फिराक में था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों और बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले मार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0


















