अल्मोड़ा,12 फरवरी (आरएनएस)। जनपद में सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और कानून संबंधी जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 11 फरवरी को थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरस्वती विद्या मंदिर दन्या में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में बताया, जबकि थानाध्यक्ष देघाट अजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जीआईसी पत्थरखोला देघाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और विद्यालय स्टाफ को यातायात संकेतों का पालन करने, सड़क पर बाईं ओर चलने, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी जैसे नए अपराधों के तरीकों, नए आपराधिक कानूनों तथा हेल्पलाइन नंबर 112 और 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक करते हुए कहा कि सतर्कता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं और अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

