रायपुर, 12 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी की मौदहापारा थाना पुलिस ने थानाक्षेत्र में दो युवकों के बीच हुए लेन-देन के विवाद के बाद एक युवक को चाकू मारकर घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू जब्त किया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 127(1), 109, 309(6) बीएनएस 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद हाशिम पिता मोहम्मद रफीक, उम्र 27 वर्ष, साकिन रक्सेल बाड़ा, थाना मौदहापारा, जिला रायपुर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 11 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 8:30 बजे से 9 बजे के मध्य स्वीपर मोहल्ला, थाना मौदहापारा क्षेत्र में आरोपी द्वारा पुरानी लेन-देन की रंजिश को लेकर मारपीट करते हुए चाकू से हमला किया गया। घटना में घायल प्रार्थी को तत्काल उपचार हेतु डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार उपरांत पीडि़त की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई। घटना के पश्चात आरोपी गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से क्षेत्र बदल-बदल कर भागने का प्रयास कर रहा था। डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर महज 03 घंटे के भीतर त्वरित नाकेबंदी एवं रणनीतिक खोज अभियान चलाते हुए क्राइम टीम, थाना गोल बाजार, थाना मौदहापारा, कोतवाली एवं एसीसीयू की टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई कर बैजनाथ पारा क्षेत्र के पास से आरोपी नियाज खान अशरफी उर्फ निज्जू, पिता अब्दुल सत्तार, उम्र 27 वर्ष,निवासी मदनी चौक, संजय नगर टिकरापारा को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे चाकू जब्त किया गया है। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आरोपी को हिरासत में रखकर आगे की वैधानिक कार्यवाही सतत जारी है।
000


















