दुर्ग, 12 फरवरी (आरएनएस)। दुर्ग की थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बिना अनुमति मार्ग अवरुद्ध कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई कर आवागमन बाधित किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 01.12.2025 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पटेल चौक, बीएसएनएल ऑफिस के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना किसी पूर्व अनुमति एवं सूचना के मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया गया। मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा समझाइश दी जा रही थी, किन्तु प्रदर्शनकारियों द्वारा उग्र व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई एवं आवागमन अवरुद्ध किया गया। घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, आरक्षक तुषार सलामे, आरक्षक अजय साहू एवं आरक्षक हिमांशु जंघेल को चोटें आईं। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 221, 126(2), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। प्रकरण के दो अन्य आरोपी शुभम सिंह राजपूत, गीतेश कुमार ठाकुर को उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त होने उपरांत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलका पर रिहा किया गया है। वहीं शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में पुलिस ने अबतक अनिल वासनिक, उम्र 43 वर्ष, निवासी अंबेडकर नगर, दुर्ग, विक्की चंद्राकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी शीतला नगर, दुर्ग
3. दिनेश पाण्डेय, उम्र 35 वर्ष, निवासी गयानगर, दुर्ग, राकेश यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी गयानगर, दुर्ग, जितेन्द्र बत्रा, उम्र 41 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड, दुर्ग, मनोज राजपूत, उम्र 50 वर्ष, निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग, शुभम सिंह राजपूत उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 16 कर्मचारी नगर शिव मंदिर के पास दुर्ग तथा गीतेश कुमार ठाकुर उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम खुरशीटिकुल पो. सुरडोंगर जिला बालोद हाल पता वार्ड क्रमांक 16 कर्मचारी नगर दुर्ग को गिरफ्तार किया है वहीं आरोपी यशवंत सिंह राजपूत, उम्र 33 वर्ष, निवासी बोरसी, दुर्ग तथा ओमप्रकाश कोटवानी व अन्य फरार है जिनकी तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के प्रदर्शन अथवा सभा हेतु विधिसम्मत अनुमति प्राप्त करें। कानून हाथ में लेने, शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
000


















