भिलाई, 12 फरवरी (आरएनएस)। दुर्ग जिले की भिलाई पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते से 3,05,273 रूपये का संदिग्ध ऑनलाइन राशि प्राप्त होना पाया गया है।
बता दें कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर म्यूल अकाउंट संबंधी जानकारी प्राप्त हुई। जांच के दौरान पाया गया कि एचडीएफसी बैंक सुपेला शाखा में रूपेश बोबड़े, उम्र 32 वर्ष, निवासी अनंतपुरम, माइल स्टोन स्कूल के पीछे, जुनवानी, स्मृति नगर, सुपेला, जिला दुर्ग द्वारा एक बैंक खाता खुलवाया गया था।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त खाता का उपयोग ऑनलाइन ठगी की राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से किया जा रहा था। दिनांक 01.06.2025 से 11.02.2026 के मध्य कुल 3,05,273 रूपये की संदिग्ध ऑनलाइन राशि खाते में जमा होना पाया गया। प्रकरण में आरोपी रूपेश बोबड़े, उम्र 32 वर्ष, निवासी अनंतपुरम, माइल स्टोन स्कूल के पीछे, जुनवानी, स्मृति नगर, सुपेला, के विरुद्ध धारा 317(2), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लेनदेन में अपने बैंक खाते, ओटीपी एवं गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
00


















