नईदिल्ली,13 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने टी-20 विश्व कप 2026 के 18वें मैच में नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 61 रन की आक्रामक पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 8वां अर्धशतक साबित हुआ। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते भारत ने पावरप्ले के बाद 86/1 का स्कोर बनाया। इसके साथ ही वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
भारत से पारी की शुरुआत करने आए किशन अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने पारी का छठा ओवर करने आए जे जे स्मिट की जमकर खबर ली और उस ओवर में लगातार 4 छक्के और एक चौका लगाया। इस बीच उन्होंने 20 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 24 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के भी लगाए।
2007 में पहली बार टी-20 विश्व कप खेला गया था। दिलचस्प रूप से इस टूर्नामेंट के इतिहास में किशन से पहले किसी भी भारतीय विकेटकीपर ने अर्धशतक नहीं लगाया था। टी-20 विश्व कप 2007 में महेंद्र सिंह धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 45 रन की पारी खेली थी। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में ऋषभ पंत ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 42 रन बनाए थे।
किशन टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत से चौथे सबसे तेज अर्धशतक (20 गेंद) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उनसे तेज अर्धशतक युवराज सिंह, केएल राहुल और रोहित शर्मा ऐसा कर चुके हैं। किशन अब टी-20 विश्व कप में पावरप्ले के दौरान ही अर्धशतक जडऩे वाले तीसरे खिलाड़ी बने। बता दें कि रोहित (51* बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) और केएल राहुल (50 बनाम स्कॉटलैंड, 2021) ऐसा कर चुके थे।
किशन ने अब तक 38 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 38 ही पारियों में उन्होंने 29.51 की औसत से 1,092 रन बनाए हैं। इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 141.26 की रही है। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 8 अर्धशतक भी निकले हैं। वह एक पारी में बिना खाता खोले भी आउट हुए हैं। उन्होंने 2021 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
००


















