नईदिल्ली,13 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टी-20 विश्व कप 2026 में नामीबिया क्रिकेट टीम के मैच के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने अपने टी-20 क्रिकेट करियर के 250 विकेट पूरे किए। नामीबिया के सलामी बल्लेबाज जान फ्राइलिंक उनका 250वां शिकार बने। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
अर्शदीप ने अपने 188वें मैच में 250 टी-20 विकेट पूरे किए। इस बीच उनकी गेंदबाजी औसत 22 से कम है। उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। क्रिकइंफो के मुताबिक, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज 250 टी-20 विकेट पूरे करने वाले 75वें खिलाड़ी बन गए। अपने शानदार टी-20 क्रिकेट करियर में उन्होंने भारतीय टीम के अलावा पंजाब और पंजाब किंग्स की टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
अर्शदीप ने साल 2022 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 78 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने लगभग 19 की औसत के साथ 120+ विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 बार 5 विकेट हॉल के साथ 2 बार 4 विकेट हॉल भी झटके हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है।
००


















