नईदिल्ली,13 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में आयरलैंड क्रिकेट टीम को शनिवार को ओमान क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने में लगी चोट के कारण अब पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट आयरलैंड ने शेष मैचों के लिए उनकी जगह सैम टॉपिंग को टीम में शामिल किया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसलि की तकनीकी समिति ने इस प्रतिस्थापन को मंजूरी भी दे दी है।
गत गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच के दौरान 7वें ओवर में कंगारू सलामी बल्लेबाज जोश इंग्लिस का कैच लेने के लिए डाइव लगाते हुए स्टर्लिंग के घुटने में चोट लग गई। उनका घुटना सख्त जमीन पर लगा और वे मैदान छोड़कर चले गए थे। उसके बाद उप-कप्तान लोरकान टकर ने कप्तानी की थी। स्कैन में स्टर्लिंग के लिगामेंट में चोट का पता चला है। ऐसे में उपचार के लिए वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने कहा, “स्टर्लिंग के स्कैन के बाद लिगामेंट में चोट का पता चला है। इसलिए उन्हें टी-20 विश्व कप के शेष मैचों से बाहर कर दिया गया है। पॉल जल्द ही आराम और पुनर्वास के लिए घर लौटेंगे, ताकि घरेलू ग्रीष्मकालीन सत्र से पहले तैयारी कर सकें।” उन्होंने कहा, “स्टर्लिंग की जगह टॉपिंग को बुलाया है, जो चेन्नई में रहते हैं और तुरंत टीम में शामिल हो सकते हैं।”
आयरलैंड ने स्टर्लिंग के स्थान पर 20 वर्षीय अनकैप्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज सैम टॉपिंग को टीम में शामिल किया है। टॉपिंग फिलहाल चेन्नई में नॉर्दर्न नाइट्स टीम के साथ ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हैं। टॉपिंग ने अपने पिछले घरेलू सत्र में टी-20 प्रारूप में 31.00 की औसत से 217 रन बनाए थे और उनकी स्ट्राइक रेट 140 की रही थी। टॉपिंग का टीम में शामिल होना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बेन कैलिट्ज को पिछले मैच से हाथ में दर्द है।
००


















