सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 फरवरी 2026(आरएनएस) जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि से मकरी दरहा जलप्रपात तक पहुंच मार्ग के सीसी रोड निर्माण ने क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई दिशा दी है। सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत मकरी स्थित इस प्राकृतिक स्थल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने शुक्रवार को किया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे स्वयं जंगल मार्ग से पैदल चलकर जलप्रपात स्थल पहुंचे और निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए पॉलिथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सरपंच को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश हेतु नाका निर्माण और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पर्यटन को मिलेगा नया आधार
ग्राम पंचायत मकरी के सरपंच ने बताया कि शनिवार और रविवार को यहां पर्यटकों की संख्या उल्लेखनीय रहती है। वर्षा ऋतु में लगभग 50 फीट से अधिक ऊंचाई से गिरता जलप्रपात अत्यंत आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करता है, जिससे यह स्थल जिले के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल हो गया है।
कलेक्टर ने सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए गेबियन वॉल निर्माण के निर्देश दिए, ताकि नुकीले पत्थरों को हटाकर मार्ग सुरक्षित बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त पर्यटकों की सुविधा के लिए गाजीबो (बैठक शेड) निर्माण के भी निर्देश दिए गए, जिससे परिवार सहित आने वाले पर्यटकों को बैठने और विश्राम की बेहतर सुविधा मिल सके।
200 मीटर सीसी रोड से आसान हुआ पहुंच मार्ग
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष बरसात के दौरान कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने स्थल का निरीक्षण किया था, तब जलप्रपात तक पहुंचने का मार्ग अत्यंत दुर्गम और संकरा था। उनके निर्देश, रूपरेखा और सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप डीएमएफ मद से लगभग 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, जो अब पूर्ण हो चुका है। इससे विशेषकर वर्षा ऋतु में आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन को बढ़ावा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और प्राकृतिक पर्यटन को संरक्षित व सुव्यवस्थित रूप मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, सारंगढ़ जनपद के अधिकारी, ग्राम पंचायत मकरी के सरपंच, मनरेगा विभाग के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

