रायपुर, 13 फरवरी 2026 (आरएनएस) रायपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जोन अंतर्गत थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी को थाना न्यू राजेंद्र नगर की टीम को सूचना मिली कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल तथा थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दो संदिग्धों को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विशाल धामेचा और सौरभ पंजवानी, निवासी रायपुर बताया। तलाशी और मोबाइल जांच के दौरान आरोपियों द्वारा ऑनलाइन बैटिंग साइट “All Panel Exchange” के माध्यम से आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन तथा 10,000 रुपये नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 62/26, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा 112(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की जानकारी भी प्राप्त हुई है, जिनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वेस्ट जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















