चेन्नई ,14 फरवरी। आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में अमेरिका ने नीदरलैंड को 93 रनों से हरा दिया. चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. यूएसए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए. नीदरलैंड की टीम जीत के लिए मिले 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15.5 ओवर में 103 रनों पर ऑलआउट हो गई और 93 रनों से मुकाबला हार गई.
पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका ने साईतेजा मुक्कमल्ला (79 रन) के अर्धशतक और शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी की बदौलत नीदरलैंड के खिलाफ छह विकेट पर 196 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
टीम के लिए मुक्कमल्ला ने 51 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए. वहीं शुभम रंजने ने 24 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए. इन दोनों के अलावा कप्तान मोनांक पटेल ने 36 रन और श्यान जहांगीर ने 20 रन का योगदान दिया.
इस मैच में नीदरलैंड की ओर से 197 रनों का पीछा करने के लिए माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉड आए. लेविट 3 और ओ’डॉड 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद एक के बाद एक टीम के लगातार विकेट गिरते रहे. नीदरलैंड के लिए कोई भी बल्लेबाज 25 रनों से अधिक रन नहीं बना पाया.
टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बास डी लीडे ने बनाए. उन्होंने 17 बॉल में 1 चौके और 1 छक्के के साथ 23 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 14 बॉल में 2 चौके के साथ 20 रनों का योगदान दिया. नीदरलैंड के बल्लेबाजों के फ्लॉप प्रदर्शन के चलते टीम को हार मिली.
यूएसए के लिए हरमीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा विकेट चटकाए. हरमीत ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए. हरमीत के अलावा मोहम्मद मोहसिन और शैडली वैन शल्कविक ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि नोस्तुश केंजीगे को 1 विकेट हासिल हुआ.
००


















