कोटद्वार,14 फरवरी (आरएनएस)। दुगड्डा ब्लॉक की जौरासी पेयजल योजना ग्राम जौरासी मल्ली को सुपुर्द की गई। जल संस्थान की ओर से जल जीवन मिशन के तहत करीब 16.05 लाख की लागत से बनी योजना से गांव के 36 परिवारों को नियमित पेयजल आपूर्ति हो सकेगी। शनिवार को जल अर्पण दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के महासंकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का आह्वान किया। उत्तराखंड जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता प्रवीन कुमार सैनी के निर्देशन में सहायक अभियंता देवकी नंदन जोशी, अवर सहायक अभियंता शूरवीर चौहान, किरण कुमार, कनिष्ठ अभियंता शांति नंदा बिष्ट ने ग्राम जौरासी मल्ली को विधिवत रूप से योजना हस्तगत की। रंगोली प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय स्यालनी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौरासी, राप्रावि रिंगल्डीखाल स्यालनी के छात्र-छात्राओं ने प्रेरणाप्रद रंगोली सजाई। जौरासी पेयजल योजना के दीर्घकालीन संरक्षण, संवर्द्धन के लिए मोटिवेशनल स्लोगन का प्रस्तुतीकरण किया। जल संस्थान की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी और पुरस्कार प्रदान किए गए। गांव के मूल निवासी एवं बालासौड़ कोटद्वार निवासी मुकेश डबराल ने तीनों विद्यालयों के सभी 26 छात्र-छात्राओं को ट्रेक सूट वितरित किए। ग्राम प्रधान चंडी प्रसाद कुकरेती समेत मौजूद रहे।
ग्रामसभा करेगी शुल्क तय : योजना के रखरखाव व संचालन का जिम्मा ग्रामसभा का होगा। केवल तकनीकी दिक्कत आने पर जल संस्थान ग्रामसभा का मार्गदर्शन करेगी। योजना के तहत बिल भुगतान भी जल संस्थान को नहीं होगा। ग्रामसभा मरम्मत व रखरखाव के लिए जो शुल्क तय करेगी, ग्रामीण केवल उसी का भुगतान ग्रामसभा को करेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

