हरख महाविद्यालय में समाजशास्त्र क्विज प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन
बाराबंकी,14 फरवरी (आरएनएस)। हरख स्थित संत कवि बाबा बैजनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग की विभागीय परिषद के तत्वावधान में एक अंतर-विभागीय क्विज प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय समसामयिक सामाजिक मुद्दे रखा गया था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, विश्लेषणात्मक सोच और तार्किक क्षमता का विकास करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. चतुर्वेदी ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को संबोधित कर उन्हें निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाजशास्त्र विभाग के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि, ऐसी प्रतियोगिताएं किताबी ज्ञान को व्यावहारिक समझ से जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं। समसामयिक विषयों पर पकड़ बनाना आज के प्रतिस्पर्धी युग की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया। यह बौद्धिक प्रतियोगिता समाजशास्त्र विभाग के प्रभारी डॉ. राम लाल के कुशल निर्देशन और प्रबंधन में संपन्न हुई, जिसमें कुल 51 छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रश्नोत्तरी के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय समाज, वर्तमान वैश्विक बदलावों और उभरती सामाजिक चुनौतियों से जुड़े कठिन प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी मेधा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक त्रि-सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था, जिसमें डॉ. जय प्रकाश पटेल (प्रभारी, भौतिक विज्ञान विभाग), डॉ. राजीव रतन साहू (प्रभारी, अंग्रेजी विभाग) एवं डॉ. अजीत कुमार सिंह (प्रभारी, हिंदी विभाग) आदि वरिष्ठ प्राध्यापक शामिल रहे। विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा 18 फरवरी को महाविद्यालय परिसर में एक संक्षिप्त समारोह के दौरान की जाएगी। सफल प्रतिभागियों को महाविद्यालय के आगामी वार्षिकोत्सव में मंच पर विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

