नईदिल्ली,15 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 23वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। स्कॉटलैंड के खिलाफ अपनी पारी का तीसरा रन बनाते ही उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 4,000 रन पूरे कर लिए। वह इंग्लैंड के लिए ये कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। दुनिया में उनके अलावा सिर्फ 3 और बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की है। बटलर मैच में सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए।
बटलर से ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन विराट कोहली (4,188), रोहित शर्मा (4,231) और बाबर आजम (4,556) ने बनाए हैं। बटलर इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उनके बाद इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने बनाए हैं। मोर्गन के बल्ले से 115 मैच की 107 पारियों में 28.58 की औसत से 2,458 रन निकले थे। उन्होंने 14 अर्धशतक भी जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा था।
बटलर ने 2011 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 150 मैच की 138 पारियों में 35 से अधिक की औसत और 148 की स्ट्राइक रेट से 4,000 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 28 अर्धशतकों के अलावा 1 शतक भी जड़ा है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 101 रन का रहा है। वह विकेटकीपर के रूप में 4,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
बटलर ने टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला साल 2012 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 38 मुकाबले खेले हैं और इसकी 37 पारियों में 39.37 की औसत और 147.02 की स्ट्राइक रेट से 1,063 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है। कप्तान के रूप में इस खिलाड़ी ने 51 मैच में 36.41 की औसत से 1,566 रन बनाए थे।
बतौर विकेटकीपर बटलर ने अब तक 122 मुकाबले खेले हैं और इसकी 115 पारियों में 37.03 की औसत के साथ 3,555 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 149.24 की रही है। उनके बल्ले से 1 शतक और 25 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है। इस खिलाड़ी के ही कप्तानी में इंग्लैंड की टीम ने साल 2022 का टी-20 विश्व कप जीता था। फाइनल में उसने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















