नईदिल्ली,15 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 23वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (63*) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और स्कॉटलैंड टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। उनकी पारी ने इंग्लैंड को 5 विकेट से जीत दर्ज करने में मदद की।
इंग्लैंड को 153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 रन तक 2 झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बैंटन ने जेकब बेथेल (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी निभाई। उन्होंने सैम कर्रन (28) के साथ 46 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया और बाद में टीम को जीत दिलाई। वह 41 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों से 63 रन बनाकर नाबाद रहे।
बैंटन ने साल 2019 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 30 मैचों की 27 पारियों में 27.63 की औसत और 152.00 की स्ट्राइक रेट से 608 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 73 रन का रहा है। वह 57 चौके और 28 छक्के भी अपने नाम कर चुके हैं। यह विश्व कप में उनका तीसरा ही मैच था।
००


















