दुर्ग, 16 फरवरी (आरएनएस)। जिले की मोहन नगर थाना पुलिस ने भारत-पाकिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से लगभग 2,62,500 मूल्य की नगदी, 17 मोबाइल व 01 लैपटॉप जप्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 16.02.2026 को थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्रीन चौक स्थित एक मकान में भारत-पाकिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच पर अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर हिसाब-किताब किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी गई। मौके पर उपस्थित व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ एवं तलाशी ली गई, जिसमें मोबाइल फ ोन एवं लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन करना पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर थाना मोहन नगर में धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले में पुलिस ने सुरेन्द्र सुलाखे उर्फ मोनू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्रीन चौक, दुर्ग, अंकित सोनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी अहमद नगर कैम्प 01, थाना छावनी, भिलाई, चन्द्रप्रकाश पजेल उर्फ सोनू, उम्र 29 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्ग, राजा सोनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवपारा, दुर्ग, डोमन पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के जुआ-सट्टा अथवा अवैध गतिविधि में संलिप्त न हों। ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
000१३४


















