० भूत-पिशाच संग सजी बाबा भूतेश्वर नाथ की पालकी,बोल बम के जयकारों से शिवमय हुआ गरियाबंद
गरियाबंद, 16 फरवरी (आरएनएस)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर इस वर्ष गरियाबंद नगर में अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। चारों ओर हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर शिवमय हो उठा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु एक साथ बाबा भूतेश्वर नाथ की भव्य पालकी और भोले की बारात में शामिल हुए। भीड़ का उत्साह और श्रद्धा देखकर लोगों के मुख से सहज ही निकल पड़ा – भीड़ बता रही है किसकी बारात निकली है। उज्जैन महाकाल की तर्ज पर बोल बम सेवा समिति गरियाबंद ने इस बार भी बाबा भूतेश्वर नाथ की पालकी के साथ भोले की बारात निकालने की परंपरा को और अधिक भव्य रूप दिया। मरौदा से प्रारंभ होकर पालकी पूरे गरियाबंद पालिका क्षेत्र का भ्रमण करती हुई नगरवासियों को दर्शन देने निकली। जिस-जिस वार्ड से पालकी गुजरी, श्रद्धालु कंधा लगाने और दर्शन करने उमड़ पड़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और स्वागत की भव्य व्यवस्था की गई थी। डीजे की भक्ति धुनों पर युवाओं की टोलियां भूत-पिशाच, और शिवगणों के वेश में नजर आईं। भोले की सेना का जीवंत चित्रण करते हुए श्रद्धालुओं ने शिव बारात का ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया कि पूरा नगर भक्तिरस में डूब गया। डीजे की ताल पर झूमते श्रद्धालु, ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों की गूंज से माहौल अलौकिक प्रतीत हो रहा था। बाबा भूतेश्वर नाथ पालकी में विराजमान होकर नगरवासियों को दर्शन देने पहुंचे। इस नई परंपरा ने लोगों के मन में विशेष उत्साह और श्रद्धा का संचार किया। आयोजन समिति के अनुसार यह तृतीय वर्ष है जब यह भव्य पालकी यात्रा नगर भ्रमण पर निकली, और हर वर्ष इसकी भव्यता और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल हुए भक्ति में लीन भोले की बारात में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए। उन्होंने स्वयं पालकी को कंधा दिया और बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। युवाओं का जोश देखकर वे भी भक्ति में रंगे नजर आए और डीजे की धुन पर थिरकते दिखाई दिए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा, इस पीढ़ी में इतनी गहरी आस्था और समर्पण देख मन गद्गद हो गया। युवाओं में भोलेनाथ के प्रति जो श्रद्धा दिखी, वह समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। पूरी बोल बम सेवा समिति और सभी युवाओं को इस भव्य आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने भी शिवालय पहुंचकर पालकी प्रस्थान से पूर्व दर्शन किए और आयोजन की सराहना की। सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम भारी भीड़ को देखते हुए महादेव सेना द्वारा पालकी की सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर जिला पुलिस बल मौजूद रहा। थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव ने स्वयं कमान संभाली और पूरी व्यवस्था पर नजर रखी। श्रद्धालु पालकी को स्पर्श करने और आशीर्वाद लेने के लिए आतुर दिखाई दिए। विशेष प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र इस भव्य आयोजन में महाराष्ट्र की सुप्रसिद्ध जय महामाया झांकी, नागपुर, वीर हनुमान झांकी, नागपुर, स्वर सम्राट वादी किंग धूमाल, नागपुर, रवि ऑडियो, अभनपुर, भव्य आतिशबाजी तथा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक नृत्य राउत नाचा ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य बोल बम सेवा समिति गरियाबंद के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में अभिषेक तिवारी, यश मिश्रा, सानू निकेश सिन्हा, आशीष देवंशी, शुभम देवंशी, आशीष सिन्हा, अंकित देवांगन, अजय राठौर, नमन सेन, वंश दासवानी, मानव निर्मलकर, दानेंद्र चौहान, प्रशान्त राठौर, पंकज पाटिल, जय पटेल, प्रांजल साहू, कबीर सोनी, अनुराग सोनी, ओंकार सोनी, श्रेयांश सोनी, रोमी सिन्हा, अमन सरवा, विकाश पांडेय, विकास पिंजरा, विकाश यदु, राज डे, चन्दन, आयुष, पप्पू, शुभम सांग, मयंक सोनी, सुजल कोठारी, तरुण देवांगन, अभिनव देवांगन, नवीन साहू वेश राठौर सूरज सिन्हा रोहन सिन्हा विकास पांडे अमन सर्व राहुल देवांगन अरविंद यदु और खुशाल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर निकली बाबा भूतेश्वर नाथ की भव्य पालकी यात्रा ने गरियाबंद को आध्यात्मिक ऊर्जा, उल्लास और भक्ति के महासागर में डुबो दिया। सचमुच, यह दृश्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का जीवंत उत्सव बन गया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















