रायपुर 17 Feb, (rns) । तंजानिया में सोने की खदान में निवेश के नाम पर करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विदेश भागने की फिराक में था, जिसे लुक आउट सर्कुलर के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी यश राजेश शाह (28 वर्ष), निवासी घाटकोपर पूर्व मुंबई, ने प्रार्थी समर्थ बरडिया और उसके साथी को तंजानिया में सोने की खदान होने का झांसा दिया था। आरोपी ने खुद को खदान का मालिक बताते हुए पार्टनरशिप में निवेश कराने के नाम पर फर्जी अनुबंध तैयार किया और उनसे बड़ी रकम वसूल ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का खनन अधिकार नहीं था और न ही वह किसी खदान का वास्तविक संचालक था। उसने सुनियोजित तरीके से झूठे दस्तावेज तैयार कर निवेश के नाम पर ठगी की।
विदेश भागने की कोशिश नाकाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी वियतनाम भागने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेजों की जांच के दौरान उसे ट्रेस कर लिया गया और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल और पासपोर्ट जब्त
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
कानूनी कार्रवाई जारी
आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

