भोपाल। 17फरवरी (आरएनएस)। में अवैध सट्टे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागसेवनिया इलाके में खंडहर परिसर में चल रहे सट्टे के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 53,500 रुपए नकद, सट्टा पर्चियां और पेन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि यूसी प्लांट के सामने अमराई स्थित एक खंडहर में सट्टे का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने खंडहर को चारों ओर से घेरकर अंदर बैठे लोगों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान सात लोगों को सट्टा पर्चियों पर अंक लिखते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम नगरी (26), सिद्धार्थ ब्राह्मणे (52), शंकर पनघंडिया (29), राकेश नामदेव (28), संजय कोतकर (54), विक्की नगरी (28) और दीपेश जाटव (25) बताए। सभी बागसेवनिया और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस को आरोपियों के पास से विभिन्न अंकों और रकम की सट्टा पर्चियां मिलीं, जिनमें हजारों रुपए के दांव दर्ज थे। अलग-अलग आरोपियों के पास से 2,400 रुपए से लेकर 6,500 रुपए तक की एंट्री वाली पर्चियां जब्त की गईं। कुल मिलाकर 53,500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। थाना बागसेवनिया में जुआ एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित रूप से संचालित सट्टा गतिविधि थी, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

