भोपाल 17 फरवरी (आरएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया। वहीं कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का संकल्प पेश किया। उन्होंने कहा कि हर धर्म का सम्मान होना चाहिए। गाय के अवशेषों के व्यापार पर रोक लगनी चाहिए।
इस पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कांग्रेस की यह मांग अगर गंभीर है तो उसे पहले अपने नेताओं से इस विषय पर स्पष्ट रुख दिलवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ विधानसभा में बयान देने से काम नहीं चलेगा। जिस दिन देश के सभी लोग, खासकर मुस्लिम समाज, मस्जिदों में खड़े होकर कसम खा लें कि कोई भी गाय को नुकसान नहीं पहुंचाएगा, उसी दिन गाय अपने आप राष्ट्रीय पशु घोषित हो जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि गौमाता भारत की आस्था का केंद्र है और इसे लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। यदि इस विषय पर सच्ची नीयत से पहल की जाए और समाज में सहमति बनाई जाए तो बड़ा निर्णय लेना मुश्किल नहीं है।

