० समर्थन मूल्य पर चना खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
धमतरी, 18 फरवरी (आरएनएस)। आयुक्त महादेव कावरे ने आज धमतरी जिले के छाती धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी केंद्र में लगाए गए स्टैक का अवलोकन कर धान की बोरियों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आयुक्त कावरे ने धान के भंडारण, रख- रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान के परिवहन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उठाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आगामी 1 मार्च से समर्थन मूल्य पर प्रारंभ होने वाली चना खरीदी की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी ली। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं—जैसे भंडारण, तौल, परिवहन एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं—समुचित रूप से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से संचालित हो सके। इस अवसर पर एसडीएम पीयूष तिवारी, सीओ, सीसीबी गोस्वामी, तहसीलदार कुश प्रधान के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
०

