बलौदाबाजार,18 फरवरी (आरएनएस)। जिले की पलारी थाना पुलिस ने जादू मंतर से पैसा कई गुना बढ़ाने का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ग्राम बलौदी एवं ग्राम रामपुर निवासी दो लोगों से जादू मंत्र के नाम पर 5 लाख रूपये की ठगी की थी। तथा पैसा वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी थी।
मिली जानकारी के अनुसार पहले प्रकरण में प्रार्थी नोहर यादव उम्र 57 साल निवासी ग्राम बलौदी द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया कि वर्ष 2022 में आरोपी पिता-पुत्र द्वारा उसके घर आकर जादू मंत्र से पैसा कई गुना करने का प्रलोभन देकर दिनांक 18.10.2022 को 03 लाख रुपए नगद लिया है। आरोपियों द्वारा पैसा कई गुना करने का छलपूर्वक लालच देकर प्रार्थी से 3 लाख लेकर वापस ना करते हुए धोखाधड़ी किया गया है। जांच पर थाने में धारा 420,34 भादवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
दूसरे प्रकरण में प्रार्थी पराग कटियार निवासी ग्राम रामपुर द्वारा आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया कि वर्ष 2022 में आरोपियों द्वारा आवेदक के घर आकर जादू मंत्र से पैसा कई गुना करने का प्रलोभन देकर दिनांक 02.11.2022 को 2 लाख नगद लिया गया है एवं पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दिया जा रहा है। आरोपियों द्वारा आवेदक से 2 लाख रूपये लेकर पैसे कई गुना बढ़ाने का छलपूर्वक लालच देकर अपराध घटित किया गया है। पुलिस ने धारा 420,506,34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस द्वारा जांच एवं विवेचना- कि उपरोक्त प्रकरणो में धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने हेतु पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा थाना प्रभारी पलारी को निर्देशित किया गया, उक्त निर्देशों के परिपालन में थाना पलारी पुलिस द्वारा जांच एवं विवेचना कार्यवाही करते हुए आरोपी आरोपी दीनदयाल जांगड़े एवं पुरुषोत्तम जांगड़े को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा दोनों प्रार्थियों से पैसा डबल करने के नाम पर अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रकम लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में आरोपियों से एक मोबाइल एवं 5000 नगदी जप्त किया गया है तथा दोनों आरोपियों को आज दिनांक 18.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समस्त प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
मामले में पुलिस ने दीनदयाल जांगड़े उम्र 66 साल निवासी ग्राम धौराभाठा थाना खरोरा जिला रायपुर तथा पुरुषोत्तम जांगड़े उम्र 35 साल निवासी ग्राम धौराभाठा थाना खरोरा जिला रायपुर को गिरफ्तार किया है।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

