भोपाल 18 फरवरी (आरएनएस)। कोलुआ अशोकागार्डन में रहने वाले युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड कर लिया। बुधवार सुबह उसकी मां ने शव को फंदे पर लटका देख पड़ोसी को सूचना दी। पड़ोसी ने घर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचित किया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
22 वर्षीय राज गिरी पुत्र गंगेश्वर गिरी कोलुआ का रहने वाला था। वह 12 वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था और फिलहाल जॉब सर्च कर रहा था। उसके दो भाई और पिता उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित एक विवाह समारोह में गए हुए थे। घर में राज और उसकी मां थीं।
बुधवार सुबह 6 बजे मां ने बेटे के शव को बेडरूम में फांसी पर लटका देखा। उन्होंने मोहल्ले में रहने वाले रामाशीष वर्मा को कॉल किया। राम ने घर पहुंचने के बाद शव को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेजा। बुधवार को पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि परिजनों ने युवक और एक युवती के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड की बात स्वीकार की है।

