भोपाल 18 फरवरी (आरएनएस)। पिपलानी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले जाने के दौरान किशोरी के गर्भवती होने का खुलासा हुआ। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अजय तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग अपने माता-पिता के अलग होने के बाद मां के साथ पिपलानी क्षेत्र में रह रही थी। पिता दूसरे जिले में रहने लगे हैं और उन्होंने दूसरी शादी कर ली है। इसी दौरान महिला की अजय तिवारी नाम के युवक से पहचान हुई और दोनों एक ही घर में रहने लगे।
आरोप है कि अगस्त 2025 में आरोपी ने घर में अकेले मिलने पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। डर के कारण नाबालिग ने घटना की जानकारी अपनी मां को नहीं दी।
दो दिन पहले नाबालिग के पेट में तेज दर्द होने पर मां उसे डॉक्टर के पास लेकर गई। जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मां के पूछने पर नाबालिग ने आरोपी द्वारा पिछले छह महीने से दुष्कर्म करने की जानकारी दी।
मां के पूछने पर बेटी ने बताया कि अजय तिवारी डरा-धमकाकर पिछले 6 महीने से उसके साथ गलत काम कर रहा है। यह पता लगते ही मां अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची और प्रकरण दर्ज करा दिया।

