भोपाल 18 फरवरी (आरएनएस)। जेपी अस्पताल में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 12:15 बजे ओपीडी ब्लॉक के पहले फ्लोर पर हुई, जिस कमरे में आग लगी, वहां सिरिंज, सैंपल कलेक्टिंग उपकरण और अन्य सर्जिकल सामान रखा हुआ था।
कर्मचारियों के अनुसार, पहले कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही मिनटों में आग में बदल गया। देखते ही देखते पूरा ओपीडी ब्लॉक धुएं से भर गया और मरीजों व परिजनों में घबराहट फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे करीब आग लगने की जानकारी मिली थी। जिस कमरे के अंदर आग लगी थी, उसे स्टोर रूम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। जब अंदर धुआं उठा तो गेट पर ताला लगा हुआ था। चाभी न मिलने के कारण आग बुझाने में समय लग रहा था। इसके लिए गार्ड ने ताला तोड़ दिया और फिर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने में सफल हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक धुआं निकलने पर कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। प्लास्टिक और सर्जिकल सामग्री जलने से काला धुआं पूरे परिसर में फैल गया। ओपीडी में मौजूद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अस्पताल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी।
अस्पताल प्रशासन ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 30 मिनट में दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

