सारंगढ़-बिलाईगढ़ 20 फरवरी 2026(आरएनएस) आज से कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हो गई है। परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और हल्की घबराहट का माहौल देखने को मिला। इसके बाद कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जो 13 मार्च तक संचालित होगी। प्रशासन ने परीक्षाओं के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

परीक्षाओं के सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से जिला स्तर पर कुल 8 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 4-4 सदस्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ब्लॉक स्तर पर 6 उड़नदस्ता टीमों की भी नियुक्ति की गई है। ये टीमें परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखेंगी। परीक्षा प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:15 बजे तक संचालित होगी।
कलेक्टर की ओर से सभी उड़नदस्ता दलों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केंद्रों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखते हुए निष्पक्ष निरीक्षण सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले, ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके।

