हुगली 1 जुलाई (आरएनएस)। जिले के पांडुआ थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध में आई खटास के बीच 34 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी गोपाल क्षेत्रपाल पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे वाहिदा खातून (34) की हत्या कर दी गई। मृतका की बहन फरीदा बीबी ने पांडुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंगलवार देर रात गोपाल क्षेत्रपाल नामक व्यक्ति वाहिदा के घर में घुसा और शौचालय के पास धारदार हथियार से उसका गला रेतकर फरार हो गया। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल ओहिदा को तत्काल पांडुआ ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चुंचुड़ा इमामबाड़ा जिला अस्पताल भेज दिया। फरीदा बीबी ने बताया कि वाहिदा का मायका गुड़ाप थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में है और आरोपित गोपाल क्षेत्रपाल भी उसी इलाके का निवासी है। लगभग तीन वर्ष पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था। परिजनों का दावा है कि हाल के दिनों में ओहिदा इस संबंध से बाहर निकलना चाहती थी, जिससे नाराज होकर गोपाल ने उसकी हत्या कर दी। मृतका की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमश: सात और पांच वर्ष है। फरीदा ने कहा कि हमने कई बार अपनी बहन को समझाया था। वह शायद इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। हमने पुलिस से आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

