सप्ताहांत में ‘भारी से अति भारीÓ वर्षा की चेतावनी
कार्यालय संवाददाता
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसूनी बादल पूरी तरह मेहरबान हैं और उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने राज्यवासियों के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वीकेंड (सप्ताहांत) में बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। शुक्रवार के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जिसके प्रभाव से कोलकाता सहित कई जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, वर्तमान में एक मानसूनी अक्षरेखा पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक अन्य अक्षरेखा सक्रिय है। पूर्वी बिहार और बांग्लादेश से सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण शुक्रवार तक निम्न दबाव का क्षेत्र और मजबूत होगा, जिससे सप्ताहांत में व्यापक और तेज बारिश के आसार बन रहे हैं।
उत्तर बंगाल की बात करें तो दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि, 24 घंटे बाद से वहां बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन सोमवार तक सभी पहाड़ी और मैदानी जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जुलाई का पहला हफ्ता बंगाल के लिए पूरी तरह भीगा हुआ रहने वाला है। 29 जून से शुरू हुआ यह सिलसिला 5 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान 4 जुलाई को सबसे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने आम लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने तथा गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

