हुगली 1 जुलाई (आरएनएस)। जिले की रिषड़ा थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए रिषड़ा, श्रीरामपुर और उत्तरपाड़ा इलाकों से सात कुख्यात अपराधियों को धर दबोचा। पकड़े गए सभी आरोपी इलाके के दो बड़े और बदनाम गैंग ‘रमेश और केडी (कमल देव)Ó के बेहद सक्रिय गुर्गे बताए जा रहे हैं।
देर रात हुई इस पुलिसिया कार्रवाई में आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस और कई अन्य घातक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन वक्त रहते पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस दौरान पुलिस ने रोहित शर्मा उर्फ राहुल, मो. साहिल उर्फ मड्डा, बिट्टू, सूरज बहादुर थापा ,सुबीर नंदी उर्फ पापाई, मो. चांद हुसैन, मो. अशफाक उर्फ राज को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ हुगली और आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रंगदारी, लूटपाट, आम्र्स एक्ट और जानलेवा हमले जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि ये सभी कुख्यात रमेश महतो और कमल देव गिरोह कि लिए काम करते थे। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी सातों आरोपियों को भारी सुरक्षा के बीच श्रीरामपुर स्थित अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने इन अपराधियों के पूरे नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और भविष्य की साजिशों का पर्दाफाश करने के लिए अदालत से 10 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

