चंडीगढ़ ,20 फरवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी पंजाब की कार्यसमिति के सदस्य अमित तनेजा ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा पंजाब से आने-जाने वाले लोगों पर बढ़ाए गए प्रवेश कर/टैक्स के निर्णय की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सीमावर्ती जिलों—पठानकोट, होशियारपुर, आनंदपुर साहिब, रूपनगर (रोपड़), मोहाली और चंडीगढ़—के हजारों परिवारों पर सीधा आर्थिक बोझ डालने वाला है।
अमित तनेजा ने कहा कि जहां एक ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पंजाबियों पर अतिरिक्त भार डाल रही है, वहीं दूसरी ओर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का इस मुद्दे पर विरोध न करना भी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस और आप मिलकर पंजाब के हितों से समझौता कर रहे हैं। यह पंजाब की जनता के साथ खुला अन्याय है।
उन्होंने कहा कि हर छोटे-बड़े मुद्दे पर बयान देने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की इस गंभीर विषय पर चुप्पी रहस्यमयी है। क्या पंजाब सरकार हिमाचल की कांग्रेस सरकार के इस निर्णय से सहमत है? यदि नहीं, तो खुलकर विरोध क्यों नहीं किया जा रहा?
अमित तनेजा ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा से भी सवाल किया कि वे इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं। क्या पार्टी की राजनीति पंजाब के हितों से ऊपर है?
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी, पंजाब इस प्रकार के भेदभावपूर्ण टैक्स का कड़ा विरोध करती है और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि इस जनविरोधी निर्णय को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही पंजाब की आप सरकार को भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए और पंजाब के हितों की मजबूती से रक्षा करनी चाहिए।
अमित तनेजा ने कहा कि भाजपा पंजाब के सम्मान, अधिकार और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और किसी भी कीमत पर पंजाब के साथ अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

