0 छात्रों को दी गई सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
दुर्ग, 21 फरवरी (आरएनएस)। जामुल थाना क्षेत्र के उदय कॉलेज में शनिवार को साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और सड़क नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर दुर्ग रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक विजय अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (छावनी) की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों जैसे फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन आर्थिक ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इनसे बचने के उपाय भी समझाए गए। कार्यक्रम में यातायात नियमों के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरे तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज में भी जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम के सफल संचालन में थाना जामुल पुलिस, यातायात शाखा और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे साइबर अपराधों से बचने के लिए अपनी निजी जानकारी साझा करने में सतर्क रहें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
0

