0 पुनीत चौबे अध्यक्ष और डॉ. अजय त्रिपाठी सचिव नियुक्त
रायपुर, 21 फरवरी (आरएनएस)। द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की 23वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन 15 फरवरी 2026 को एनआईटी रायपुर परिसर स्थित गोल्डन टावर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जीईसी एनआईटी रायपुर एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश चितलांगिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सत्र 2025-2027 के लिए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें भिलाई स्थित सेल/सेट के महाप्रबंधक पुनीत चौबे को अध्यक्ष तथा शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. अजय त्रिपाठी को मानसेवी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से ज्ञान के आदान-प्रदान पर प्रकाश डाला और अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया। वहीं निवर्तमान मानसेवी सचिव डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया ने वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सदस्य संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष पुनीत चौबे ने संस्था का नेतृत्व सौंपे जाने पर आभार व्यक्त करते हुए इंजीनियरिंग समुदाय से समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उमेश चितलांगिया ने कहा कि संस्था अपनी स्थापना से ही तकनीकी ज्ञान के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और भविष्य में एलुमनी एसोसिएशन के साथ मिलकर कौशल विकास एवं तकनीकी उन्नयन के क्षेत्र में कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की खनिज संपदा के बेहतर और पर्यावरण अनुकूल उपयोग पर भी जोर दिया तथा युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा प्रबंधन जैसी नई तकनीकों में दक्षता हासिल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, एलुमनी सदस्य एवं अभियंता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में नव-नियुक्त मानसेवी सचिव डॉ. अजय त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
0

