0 किरण देव ने बताया देश की छवि खराब करने की साजिश
रायपुर, 21 फरवरी (आरएनएस)। नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कथित प्रदर्शन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि यह घटना भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित कोशिश है।
किरण देव ने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस के नैतिक और वैचारिक पतन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया यह कृत्य न केवल अनुचित है, बल्कि देश को वैश्विक मंच पर शर्मिंदा करने का प्रयास भी है। उन्होंने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताते हुए कहा कि कांग्रेस अब सकारात्मक राजनीति के बजाय नकारात्मक गतिविधियों में संलग्न दिखाई दे रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक, नवाचार और विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं कांग्रेस इस प्रगति में बाधा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि एआई समिट जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच को बदनाम करने की योजना पहले से बनाई गई थी।
किरण देव ने यह भी कहा कि आज भारत जी-20 और अन्य वैश्विक आयोजनों की सफल मेजबानी कर रहा है, जिसे दुनिया सराह रही है, लेकिन कांग्रेस इस बदलाव को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व ऐसे कदम उठा रहा है, जो देशहित के विपरीत हैं और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
0

