रायपुर, 23 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के रिंग रोड नंबर-1 पर सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहली घटना राजेंद्र नगर स्थित कटरा तालाब टर्निंग के पास फ्लाईओवर से पहले हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं दूसरी घटना काशीराम नगर के सामने रिंग रोड पर हुई। टाटीबंध से तेलीबांधा की ओर जा रहे तेलंगाना पासिंग ट्रक ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया।
सूचना मिलते ही रायपुर यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक का शव ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा मिला, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
0

