मेक्सिको सिटी,23 फरवरी। मेक्सिको में शक्तिशाली ड्रग लॉर्ड नेमेसियो ओसेगुएरा उर्फ एल मेनचो की मेक्सिकन सेना द्वारा हत्या के बाद पूरे देश में हिंसा भड़क गई है। सेना ने एक बयान में बताया कि जालिस्को राज्य के तापलपा कस्बे में सैनिकों के साथ झड़प में जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के 59 वर्षीय नेता एल मेचनो घायल हो गए। मेक्सिको सिटी ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। उन पर 150 लाख डॉलर (करीब 136 करोड़ रुपये) का इनाम था।
रिपोर्ट्स के मुताबक, एल मेनचो की मौत के कुछ घंटों के भीतर, उनके समर्थक माने जाने वाले गिरोहों और बंदूकधारियों ने रविवार को पूरे मेक्सिको में राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया। बंदूकधारियों ने वाहनों और दुकानों में आग लगा दी और कई जगह से लूटपाट की खबरें भी आई हैं। हिंसा अन्य राज्यों में भी फैल गई। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने नागरिकों से शांत रहने का आग्रह किया और बताया कि अधिकारियों के साथ समन्वय में हैं।
मेक्सिको में भारी हिंसा को देखते हुए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सलाह जारी की है। दूतावास ने एक्स पर लिखा कि सुरक्षा ऑपरेशन के चलते सड़कें जाम हैं और आपराधिक गतिविधियां हो रही है, इसलिए जलिस्को स्टेट, तमाउलिपास स्टेट, मिचोआकन स्टेट, गुएरेरो स्टेट और न्यूवो लियोन स्टेट में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक वहीं रहना चाहिए। वे इमरजेंसी में 911 पर कॉल करें और भारतीय दूतावास से +52 55 4847 7539 पर संपर्क करें।
एल मेनचो मेक्सिको का सबसे खूंखार और शक्तिशाली ड्रग लॉर्ड था। वह जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) का संस्थापक और नेता था। इसे दुनिया का सबसे हिंसक और वैश्विक ड्रग कार्टेल माना जाता है। सीजेएनजी मेथाम्फेटामाइन, कोकीन, फेंटानिल और हेरोइन का तस्कर था, जो अमेरिका आने वाले ड्रग्स का बड़ा हिस्सा आपूर्ति करता था। मेनचो पुलिस अधिकारी रह चुका है। बाद में अपराध की दुनिया में आया। मेक्सिको-अमेरिका का सबसे वांछित अपराधी होने के नाते उस पर काफी इनाम था।
००

