=शकील अहमद=
सक्ती, 23 फरवरी (आरएनएस)। जिले के ग्राम पंचायत रबेली में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गांव के गौठान परिसर में महिलाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा कि गांव में शराब दुकान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि इससे सामाजिक माहौल खराब होगा और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी इसी मुद्दे को लेकर रबेली चौक पर चक्का जाम किया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि, इसके बावजूद गौठान के सरकारी भवन में रातों-रात शराब का भंडारण किए जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया को लेकर गांव में लगातार विरोध जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने उनकी भावनाओं की अनदेखी की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस फैसले को वापस नहीं लिया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसमें चक्का जाम और भूख हड़ताल जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं।
0

