कोण्डागांव, 23 फरवरी (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने तेंदूपत्ता संग्रहण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में अवैध वन कटाई की रोकथाम हेतु मैदानी अमले को सतर्क एवं सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने जिले के विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के सुचारू संचालन के लिए समूह के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत श्रम पंजीयन, दीदी ई-रिक्शा योजना तथा बीमा भुगतान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा।
कलेक्टर ने शासन की महत्वपूर्ण होम-स्टे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए जिले में होम-स्टे संचालन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट के कार्यों में तेजी लाने विशेष जोर दिया गया। संपूर्णता अभियान अंतर्गत निर्धारित इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक तैयारी रखने को कहा। साथ ही धान उठाव की समीक्षा करते हुए उठाव कार्य में तेजी लाने हेतु डीएमओ को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
बैठक में डीएफओ केशकाल दिव्या गौतम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
0

