रायपुर, 24 फरवरी (आरएनएस)। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 01 अप्रैल 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन जुलाई-अगस्त 2026 में किया जाएगा। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली भर्ती रैली में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
भर्ती कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अग्निवीर पदों की संख्या सीधे तौर पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या के अनुपात में निर्धारित की जाती है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023-24 में 14,153 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिसमें 895 पद आवंटित किए गए। वहीं वर्ष 2024-25 में 19,355 पंजीयन के मुकाबले 731 पद मिले। वर्ष 2025-26 में 28,547 युवाओं ने आवेदन किया है। इन आंकड़ों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष 2027 के लिए छत्तीसगढ़ को लगभग 1100 से 1300 पद आवंटित हो सकते हैं। भर्ती कार्यालय ने अधिक से अधिक युवाओं से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।
बंछोर
000

