नईदिल्ली,24 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 107 रन से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 147 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट लेते हुए विपक्षी टीम को ढेर करने में अहम योगदान दिया। आइए उनकी गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।
मोती ने डायोन मायर्स को बोल्ड करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने तीसरे ओवर में लगातार 2 गेंदों पर सिकंदर रजा और ताशिंगा मुसेकिवा का शिकार किया। इसके बाद उन्होंने अपने चौथे ओवर के दौरान टोनी मुनयोंगा को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 28 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए। उनके अलावा अकील हुसैन ने भी 3 विकेट चटकाए।
मोती ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज किया। उन्होंने अब तक 49 मैचों में 25.00 की औसत और 7.85 की इकॉनमी रेट के साथ कुल 49 विकेट लिए हैं। टी-20 विश्व कप में इस बाएं हाथ के स्पिनर ने 12 मैचों में 15.55 की औसत और 7.17 की इकॉनमी रेट के साथ 18 विकेट अपने नाम किए हैं। वह 2024 संस्करण में भी हिस्सा ले चुके हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 54 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर (85) और रोवमैन पॉवेल (59) ने अर्धशतक लगाए। आखिर में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 254/4 तक पहुंचाया। जवाब में जिम्बाब्वे ने 52 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। निचले क्रम में ब्रैड इवांस (43) ने अच्छी पारी खेली और पूरी टीम 147 रन पर सिमट गई।
००

