धरसीवां, 11 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र स्थित कुंबरगढ़ के प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन बावड़ी के पास रोजाना की तरह बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान साक्षी साहू (7 वर्ष), पिता योगेश साहू और श्रवण धीवर (4 वर्ष), पिता भूपेंद्र धीवर खेलते-खेलते बावड़ी के पानी में उतर गए। बावड़ी में लगभग 25 से 30 फीट गहरा पानी होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, अब तक यहां इस तरह की कोई दुर्घटना सामने नहीं आई थी। पहली बार हुई इस घटना ने पूरे कुंबरगढ़ क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बावड़ी के चारों ओर मजबूत जाली या सुरक्षा घेरा लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

