सरगुजा, 11 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग के खिलाफ कमलेश्वरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान चलाकर 60 बाइकों को जब्त किया और उनके चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से मैनपाट में बड़ी संख्या में युवक समूह बनाकर बाइकों से स्टंट, ओवरस्पीडिंग और मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच की। जांच में नियमों का उल्लंघन करने, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 बाइक जब्त कर ली गईं।
कमलेश्वरपुर पुलिस ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट या तेज रफ्तार से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

