रायपुर, 24 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट पेश करने से पहले मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी भी साथ मौजूद रहीं। पूजा के बाद वे विधानसभा के लिए रवाना हुए, जहां वे दोपहर 12:30 बजे वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि नवीन विधानसभा भवन में पेश होने वाला यह सरकार का तीसरा बजट है, जो विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के विजन को और मजबूती देगा।
बताया जा रहा है कि इस बार का बजट प्रशासनिक सुधार, डिजिटल गवर्नेंस और तकनीक के व्यापक उपयोग पर केंद्रित हो सकता है। साथ ही सरकारी योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग, ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान किए जाने की संभावना है।
सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति देने और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने पर विशेष जोर रहेगा। ऐसे में इस बजट से प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
००००

