कांकेर, 24 फरवरी (आरएनएस)। थाना सिटी कोतवाली कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर द्वारा शहर में संचालित सराफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) कांकेर मोहसिन खान उपस्थित रहे। बैठक में शहर के विभिन्न सराफा प्रतिष्ठानों के संचालकों ने भाग लिया।
बैठक के प्रमुख बिंदु
दुकानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं पूर्ण पते का सत्यापन कर रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश।
दुकान के अंदर, बाहर एवं पीछे सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की हिदायत।
दुकान खोलने एवं बंद करने के समय नकदी एवं लॉकर की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश।
प्रत्येक प्रतिष्ठान में सायरन/अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह।
त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए सभी सराफा व्यापारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा चोरी या संदिग्ध आभूषण बेचने के प्रयास की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील।
व्यापारियों को साइबर फ्रॉड से बचाव एवं सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध की रोकथाम पुलिस और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। समय पर दी गई सूचना बड़े अपराधों को रोकने में सहायक सिद्ध हो सकती है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेतु जिला पुलिस उत्तर बस्तर कांकेर द्वारा अपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाती है।
बंछोर
000

