0 पेयजल समस्या से मिलेगी छुटकारा शहरवासियों को
= केशव सल्होत्रा =
जगदलपुर, 24 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को महापौर संजय पांडे ने बस्तर एवं जगदलपुर के विकास के लिए दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने विशेष रूप से महादेव बैराज के निर्माण हेतु 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति को शहर के लिए एक मील का पत्थर करार दिया।
महापौर ने कहा कि वर्षों से जगदलपुर शहर को पेयजल संकट की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। महादेव बैराज के निर्माण से न केवल वर्तमान जल संकट का स्थायी समाधान होगा, बल्कि आने वाले कई दशकों तक शहर में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। यह परियोजना जगदलपुर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जगदलपुर के सुरक्षित और सुनियोजित भविष्य की आधारशिला है। इससे नगर निगम की जल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी, नई कॉलोनियों एवं वार्डों तक सुचारु जल वितरण संभव होगा तथा नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
महापौर ने बजट में बस्तर संभाग के लिए किए गए अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों का भी स्वागत किया। बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स के लिए भवन निर्माण से स्थानीय व्यापारिक समुदाय को आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे व्यापार, निवेश एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। यह कदम क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक सिद्ध होगा।
इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ वायु योजना के अंतर्गत जगदलपुर एयरपोर्ट को जोड़े जाने का निर्णय क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे जगदलपुर का संपर्क राज्य एवं देश के अन्य प्रमुख शहरों से सुदृढ़ होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा उद्योग एवं व्यापार के नए अवसर विकसित होंगे। बस्तर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में यह निर्णय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डेरी समग्र विकास योजना में जगदलपुर को शामिल किया जाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। इससे दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह योजना आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण में सहायक बनेगी।
संजय पाण्डेय ने इन सभी जनहितकारी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। साथ ही उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण सिंह देव का भी सादर आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में बस्तर और जगदलपुर को जो प्राथमिकता दी गई है, वह क्षेत्र के संतुलित एवं समावेशी विकास का स्पष्ट संकेत है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि बस्तर के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

