० जिला अस्पताल और छात्रावास का किया निरीक्षण
० बैठक में महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
कोंडागांव, 24 फरवरी (आरएनएस)। राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरिधारी नायक ने आज कोंडागांव जिले के प्रवास के दौरान जिला अस्पताल और छात्रावास का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने बैठक लेकर महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकार के संरक्षण तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में निर्धारित एजेंडवार जानकारी कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और एसपी पंकज चंद्रा द्वारा दी गई। साथ ही उन्होंने निर्धारित बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से आश्रम-छात्रावास भवन एवं शौचालय की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वहां निवासरत विद्यार्थियों की निर्धारित संख्यानुसार शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने जिले में अनाथ बच्चों के बारे में सर्वे कर उनके बेहतर देखभाल और शिक्षा हेतु बाल गृह में प्रवेश हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पेंशन प्रकरणों समय पर निराकरण हेतु निर्देशित किया। शिक्षा विभाग से जिले के जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति और एकल शिक्षकीय विद्यालयों की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कुष्ठ रोग की जांच, निदान और जागरूकता के निर्देश दिए। इसी तरह जिले में डॉग बाइट के प्रकरण की जानकारी ली और इसके नियंत्रित हेतु आवश्यक उपाय और अस्पतालों में एंटी रैबीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जिला अस्पताल और छात्रावास का निरीक्षण बैठक से पहले छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष नायक ने जिला चिकित्सालय और छात्रावास का भी आकस्मिक निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सबसे पहले वे जिला चिकित्सालय पहुंचकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वहां लेबर वार्ड, एसएनसीयू और पोषण पुनर्वास केंद्र का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई के साथ छात्रावास में मिल रही सुविधा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के बाद जहां भी रहें वहां कार्य के निर्वहन के साथ साथ समाज के प्रति भी जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी जुगानीकलार का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इसके अलावा पुलिस थाना फऱसगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयोग के संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल, डीएसपी माया असवाल और आयोग की टीम सहित अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, अतिरिक पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडी ओपी अभिनव उपाध्यक्ष सहित पुलिस विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

