रायपुर 24 फरवरी 2026(आरएनएस) नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ज़ोन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ऐसे हाईटेक हाइडआउट पर दबिश दी, जिसे पुलिस की नजरों से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों और मोशन सेंसर से लैस किया गया था। कार्रवाई में 7 किलो 397 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है। साथ ही पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मोशन सेंसर और वाई-फाई उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देशन में नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 और 24 फरवरी की दरम्यानी रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नेहरू नगर, नरैय्या तालाब क्षेत्र में दो युवक गांजा की पुड़िया बनाकर फुटकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों से वैधानिक निर्देश प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके से अब्दुल जाफर, पिता अब्दुल कादिर, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेहरू नगर थाना सिटी कोतवाली रायपुर और सुनील जगत, पिता लालू प्रसाद जगत, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुदामा नगर थाना टिकरापारा रायपुर को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से गांजा की पुड़िया और नगद राशि बरामद हुई। पूछताछ के दौरान मिले मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के किनारे बने एक गुप्त ठिकाने पर छापा मारा, जहां दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 7 किलो 397 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए हाइडआउट के मुख्य द्वार पर मोशन सेंसर और आसपास के रास्तों पर दो सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे, ताकि किसी भी हलचल की जानकारी पहले ही मिल सके। इस हाईटेक सेटअप से साफ है कि आरोपी संगठित तरीके से गांजा पैकिंग और सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।
थाना सिटी कोतवाली के उप निरीक्षक जानकी शरण मरावी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक डोली नेताम, आरक्षक शिवराज बघेल, आरक्षक मुकेश सिंह और आरक्षक गिरधर प्रजापति की टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

