कोरिया, 24 फरवरी (आरएनएस)। जिले में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन एवं विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के सुचारू उपयोग के उद्देश्य से रायपुर से आई ई-ऑफिस टीम द्वारा कलेक्टरेट सभाकक्ष, बैकुंठपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में टीम के सदस्य निखिल साहू एवं विनोद देवांगन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान ई- ऑफिस प्रणाली, इस्पारो पोर्टल (गोपनीय प्रतिवेदन हेतु), आई.पी.आर. एवं अचल संपत्ति विवरण तथा ई-एचआरएमएस 2.0 पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल जैसे अवकाश, उच्च शिक्षा, सर्विस बुक एवं फॉरेन विजिट संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया, प्रोफाइल अपडेट करने की विधि एवं नोडल आईडी प्राप्त करने की आवश्यक प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में जिले के विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जबकि द्वितीय सत्र में जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर पोर्टलों के उपयोग एवं संचालन की बारीकियों को समझा। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर डीडी मंडावी, एसडीएम उमेश पटेल, डिप्टी कलेक्टर राकेश साहू, डीआईओ सुखदेव पटेल, तहसीलदारगण तथा ईडीएम राकेश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित निस्तारण एवं डिजिटल प्रणाली को सुदृढ़ बनाना है।
०

