राजनांदगांव,25 फरवरी (आरएनएस)। जिले की लालबाग थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ट्रेन से भाग रहा था किंतु पुलिस की टीम ने उसे गोंदिया में दबोचा लिया और गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 24.02.2026 को पेडऱी अस्पताल, राजनांदगांव से सूचना मिली कि आदित्य कुमार नामक युवक पर हंसिया से प्राणघातक हमला किया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना लालबाग पुलिस द्वारा तत्काल धारा 296, 115(2), 351(2), 109 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी उदय सिन्हा उर्फ राज, पिता जय कुमार सिन्हा, उम्र 22 वर्ष, निवासी स्टेशन बांकल, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव घटना के पश्चात ग्राम स्टेशन बांकल से ट्रेन के माध्यम से फरार हो गया था। तत्पश्चात थाना लालबाग, बागनदी, आरपीएफ एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, लोकेशन ट्रैकिंग एवं सतत निगरानी के आधार पर समन्वित रणनीति अपनाई गई। सतर्क टीमवर्क और प्रभावी घेराबंदी के माध्यम से आरोपी को महाराष्ट्र के गोंदिया से सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, कठोर एवं निर्णायक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
000

